मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता यात्रा पहुंची पन्ना, कहीं पुष्पवर्षा तो कहीं उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

By: गजेंद्र ठाकुर•
बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता यात्रा पहुंची पन्ना, कहीं पुष्पवर्षा तो कहीं उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Sponsor Ad

पन्ना में जगह-जगह हुआ स्वागत, 200 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ आगे बढ़ी यात्रा; शास्त्री ने हिंदू एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, आभूषण चोरी की शिकायतों के बाद दो महिलाएं पुलिस के हवाले

पन्ना। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा सोमवार को पन्ना जिले के अमानगंज पहुंची। यात्रा के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं ने विशेष तैयारियां की थीं। कई जगह फूल बरसाकर शास्त्री का स्वागत किया गया। अमानगंज में जेसीबी मशीन की मदद से पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान शास्त्री ने हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि भारत में जातिवाद के बजाय राष्ट्रवाद को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि हिंदू समाज एकजुट नहीं हुआ, तो आने वाले समय में गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

यात्रा के दौरान अमानगंज में लोगों की भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ। जाम में लाला कलापत सिंघानिया स्कूल की दो बसें करीब 20 मिनट तक फंसी रहीं। बसों में बैठे बच्चों को देखकर धीरेंद्र शास्त्री ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और जय श्रीराम कहा। उन्होंने बच्चों का हालचाल भी जाना।

इसी बीच यात्रा के दौरान करीब छह लोगों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई। चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

यात्रा में अयोध्या की हनुमानगढ़ी के राजूदास महाराज, मलूकपीठ के गंगादास महाराज, हरिद्वार के मोनी महाराज और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज सहित कई संत शामिल हैं।

पांच जिलों से गुजरेगी 500 किलोमीटर लंबी यात्रा

सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0 की शुरुआत रविवार को सुबह करीब 11:30 बजे बागेश्वर धाम से हुई थी। पांच दिनों तक चलने वाली यह यात्रा लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पांच जिलों से होकर गुजरेगी।

यात्रा के आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य सनातन धर्म के अनुयायियों को एकजुट करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाना और बुंदेलखंड को लव जिहाद से मुक्त बनाने का संदेश देना है।

पन्ना में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को यात्रा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, राष्ट्रगान और बच्चों को शपथ दिलाने के कार्यक्रम के साथ आगे बढ़ी। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने हजारों श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, हिंदू एकता और सामाजिक समरसता से संबंधित सात वचनों का संकल्प दिलाया।

पन्ना में कई स्थानों पर स्वागत, काफिले में 200 से अधिक वाहन

पन्ना में यात्रा रघु लीला पैलेस से रवाना हुई। इसके बाद अजयगढ़ चौराहा, गांधी चौक, पावर हाउस चौक, बादशाह साईं चौराहा और डायमंड चौराहे से होकर गुजरी। रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शास्त्री के दर्शन और स्वागत के लिए जुटे।

अजयगढ़ में पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा सहित हजारों लोग मौजूद रहे। कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

गांधी चौक से आगे बढ़ते समय शास्त्री के साथ करीब 200 वाहनों का काफिला रहा। सतना बैरियर पर महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर स्वागत किया। तारा गांव में स्कूलों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी शास्त्री के दर्शन के लिए कक्षाओं से बाहर आए। वहीं, द्वारी गांव में उन्होंने लोगों से शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की।

अमानगंज में फूलों से सजाया गया नगर, 20 फीट की माला की तैयारी

धीरेंद्र शास्त्री के आगमन को लेकर अमानगंज में विशेष तैयारियां की गई थीं। नगर को फूलों से सजाया गया और महिलाएं कलश लेकर मंत्रोच्चार करती नजर आईं। स्वागत के लिए जेसीबी की सहायता से करीब 20 फीट लंबी फूलों की माला पहनाने की तैयारी भी की गई थी।

खाटू श्याम सेवा संस्था के सदस्य पीयूष गोयल ने बताया कि उनका संगठन पंजीकृत है और सभी सदस्य बाबा श्याम के प्रति गहरी आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा से उन्हें शास्त्री के स्वागत का अवसर मिला।

खाटू श्याम सेवा समिति की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने अमानगंज के हिंदुओं से एकजुट रहने और बागेश्वर धाम आने का आह्वान किया।

श्रद्धालुओं ने साझा किए अपने अनुभव और संकल्प

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने हिंदू एकता और धार्मिक आस्था को लेकर अपने विचार भी साझा किए।

इंदौर से आईं दीपिका ने कहा कि साधु-संतों और सुंदरकांड मंडलों के प्रयासों से ऐसा हिंदू राष्ट्र बनना चाहिए, जिसका स्वरूप केवल दस्तावेजों तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के विचारों और व्यवहार में भी दिखाई दे। उनके अनुसार, ऐसे समाज में सभी लोगों को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।

कानपुर के मातृशक्ति सुंदरकांड मंडल की सदस्य संध्या सिंह अपने साथियों के साथ पैदल यात्रा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी इच्छा से गुरु सेवा और हिंदू राष्ट्र के संकल्प के साथ यात्रा में शामिल हुई हैं। संध्या के मुताबिक, हिंदू राष्ट्र के निर्माण की जिम्मेदारी केवल गुरुजी की नहीं, बल्कि उनकी अपनी भी है।

श्रद्धालु पूजा दुबे ने कहा कि महाराज के आशीर्वाद से उनके परिवार और बेटी को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि वह रात से ही दर्शन के लिए बैठी हुई थीं।

वहीं, सीता व्यास ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से धीरेंद्र शास्त्री से जुड़ी हुई हैं। उन्हें देखकर वह भावुक हो जाती हैं। उन्होंने शास्त्री के पैर छूकर आशीर्वाद लेने का अनुभव भी साझा किया।

धीरेंद्र शास्त्री बोले—प्राण चले जाएं, लेकिन धर्म नहीं छोड़ना

यात्रा के पहले दिन धीरेंद्र शास्त्री ने अपने संबोधन में धर्म के प्रति अडिग रहने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि विरोध का सामना करना पड़े या प्राण ही क्यों न चले जाएं, धर्म का त्याग नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन धर्म के अनुयायियों की एकता से भारत और मजबूत होगा।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु जातिगत भेदभाव खत्म करने और आपसी भाईचारा बढ़ाने से जुड़े नारे लगाते रहे। इनमें ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ का नारा भी शामिल रहा।

काफिले में शामिल कुछ युवकों ने चुनौतीपूर्ण अंदाज में कहा कि अब कोई बागेश्वर धाम आकर यात्रा रोककर दिखाए। बिहार से आए संत ऋषि ने पन्ना में मिले सहयोग और लोगों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से अच्छे कार्यों में सहयोग देने, गुरुदेव के साथ जुड़े रहने और उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की।

राजूदास महाराज की टिप्पणी भी रही चर्चा में

यात्रा के पहले दिन अयोध्या की हनुमानगढ़ी के राजूदास महाराज ने पंडोखर सरकार से यात्रा का विरोध नहीं करने की अपील की थी। इसी दौरान उन्होंने दामोदर यादव को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी। राजूदास महाराज ने कहा था, ‘दामोदर यादव नहीं, वे दामोदरुद्दीन हैं। उनके डीएनए में गड़बड़ी है।’ यह बयान राजूदास महाराज की ओर से दिया गया था।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।