असहाय कैंसर मरीज की मदद को आगे आए प्रो. डॉ. सर्वेश जैन, 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता सौपी
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में कैंसर रोग से जूझ रहे एक असहाय और एकाकी मरीज की मदद के लिए प्रो. डॉ. सर्वेश जैन ने मानवीय पहल करते हुए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने मरीज श्री माधव बंसल को 50 हजार रुपए का चेक सौंपा।
माधव बंसल वर्तमान में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के कैंसर रोग विभाग में भर्ती हैं। उन्हें मुंह का कैंसर है। मरीज के अनुसार उन्होंने अतीत में गुटखा, बीड़ी अथवा अन्य किसी प्रकार के तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं किया है। इससे पहले उन्होंने छत्तीसगढ़ के बाल्को अस्पताल में अपना उपचार कराया, जिसमें करीब ढाई लाख रुपए खर्च हो गए। इलाज का खर्च जुटाने के लिए उन्हें अपनी आमदनी का एकमात्र साधन लोडर ऑटो तक बेचना पड़ा।
आर्थिक तंगी के साथ-साथ माधव बंसल पूरी तरह एकाकी जीवन जी रहे हैं। उनके घर-परिवार में देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उपचार के दौरान उन पर कर्ज भी हो गया। ऐसे में बीएमसी में उनका उपचार तो चल रहा था, लेकिन पौष्टिक भोजन, दवाइयों से जुड़ी जरूरतों और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए उन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत थी।
मरीज के पास आयुष्मान कार्ड नहीं होने के बावजूद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के कैंसर रोग विभाग में उनका निःशुल्क उपचार किया जा रहा है। इलाज के दौरान अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता को देखते हुए प्रो. डॉ. सर्वेश जैन ने आगे आकर 50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की।
प्रो. डॉ. सर्वेश जैन ने बताया कि इस राशि की घोषणा उन्होंने उस समय की थी, जब वे बेंगलुरु में थे। यह राशि करेंट लगने से मृत राखी व्यवसायी विजय जैन के परिवार की मदद के लिए घोषित की गई थी। बाद में विजय जैन के परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति सक्षम होने का हवाला देते हुए सहायता राशि लेने से इनकार कर दिया और यह राशि किसी अन्य जरूरतमंद व्यक्ति को देने का आग्रह किया।
विजय जैन परिवार के इस निर्णय की विभिन्न स्तरों पर सराहना की गई। इसके बाद सहायता की राशि ऐसे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया, जिसे वास्तव में इसकी आवश्यकता हो। इसी क्रम में बीएमसी में उपचाररत माधव बंसल का चयन किया गया और उन्हें 50 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कैंसर रोग विभागाध्यक्ष एवं मरीज के चिकित्सक डॉ. सुशील गौर, भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश जारोलिया, श्रमिक नेता सोनू चुटीले एवं ऋषभ दुबे मौजूद रहे।
इस पहल ने यह संदेश दिया कि कठिन बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए आर्थिक सहयोग के साथ-साथ मानवीय संवेदना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। एकाकी जीवन जी रहे माधव बंसल के लिए यह सहायता उपचार के साथ उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी मददगार साबित होगी।


