आर्मी पब्लिक स्कूल सागर की राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि, CII समिट में प्रस्तुत हुई केस स्टडी
सागर। आर्मी पब्लिक स्कूल, सागर ने शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय द्वारा व्यावसायिक शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार को लेकर तैयार की गई केस स्टडी को देशभर के CBSE विद्यालयों की शीर्ष 5 केस स्टडीज में चयनित किया गया है। इस चयन में देश के 136 आर्मी स्कूल भी शामिल थे।
विद्यालय की केस स्टडी “From Potential to Purpose: Building a Future-Ready School through Vocational Education, Artificial Intelligence and Innovation” को 3 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित 10वें CII Global School Education Summit 2026 में प्रस्तुत किया गया।
समिट में आर्मी पब्लिक स्कूल सागर की प्राचार्या ज्योति दुबे ने सहभागिता करते हुए विद्यालय की केस स्टडी प्रस्तुत की। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय को Certificate of Appreciation से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में देशभर के शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यालयी शिक्षा में व्यावसायिक शिक्षा के समावेशन के साथ विद्यार्थियों में जीवन कौशल, रोजगारपरक दक्षताओं और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप क्षमताओं के विकास पर विचार-विमर्श किया गया।
आर्मी पब्लिक स्कूल सागर की इस उपलब्धि को विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रबंधन के नवाचार एवं भविष्य उन्मुख शिक्षा के प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।


