मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

अनुशासन और मेहनत से सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे खिलाड़ी, सागर में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज

By: गजेंद्र ठाकुर•
अनुशासन और मेहनत से सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे खिलाड़ी, सागर में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज
Sponsor Ad

37 राज्यों के 400 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, 29 नवंबर तक सिटी स्टेडियम सहित तीन स्थानों पर होंगे मुकाबले

सागर। डॉ. हरि सिंह गौर की नगरी सागर में बुधवार को 70वीं राष्ट्रीय स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। खेल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक श्री शैलेन्द्र जैन और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में देश के 37 राज्यों से आए 14 वर्ष तक के बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। खेल को केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि एक निश्चित लक्ष्य के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। हार मिलने पर हताश होने के बजाय उससे सीख लेकर पहले से अधिक मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ खेलें तथा अपने माता-पिता, राज्य और देश का नाम रोशन करें।

विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाता है। हालांकि, पढ़ाई और खेल दोनों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलों में भी निरंतर प्रयास करते हैं, उनके लिए सफलता के नए रास्ते खुलते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खेलों के लिए बजट बढ़ाने के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को देखकर खुशी जताई और कहा कि ऐसा लग रहा है मानो पूरा देश सागर में एकत्र हो गया हो। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे यहां से अच्छी यादें लेकर जाएं और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य की पहचान बनाएं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि छात्राओं की प्रस्तुतियों में देश की विविध संस्कृतियों की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में श्री श्याम तिवारी ने सभी प्रतिभागियों का डॉ. हरि सिंह गौर की जन्मभूमि पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूरी लगन, मेहनत और क्षमता के साथ मैदान में उतरने वाले खिलाड़ी ही सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह ने बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन में 14 वर्ष आयु वर्ग के 400 से अधिक बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। इनके अलावा 100 से अधिक अधिकारी भी प्रतियोगिता में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। देश के कुल 37 राज्यों के खिलाड़ी इस आयोजन में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 से 29 नवंबर तक होने वाले मुकाबले सिटी स्टेडियम नगर निगम, खेल परिसर और ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय में आयोजित किए जाएंगे।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुश्री निशि प्रभा ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और निष्पक्षता के साथ मुकाबले में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई। इसके बाद कैंब्रिज हाइट्स विद्यालय, सांदीपनि विद्यालय, महारानी लक्ष्मी बाई क्रमांक-1 और दीपक मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

श्री रविंद्र खटोल फील्ड मार्शल के मार्गदर्शन में मार्च पास्ट आयोजित किया गया। इसमें 37 राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपने-अपने दल के साथ हिस्सा लिया। दीपक मेमोरियल स्कूल के बैंड दल की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। मार्च पास्ट में एनसीसी और स्काउट के दलों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर श्रीमती आशा लता सिलाकारी, सहायक संचालक डॉ. आशुतोष गोस्वामी, मृत्युंजय कुमार, अनीता कुमार, श्रीमती मनीषा एलेक्जेंडर, सृष्टि जैन, डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी और श्री मनीष नेमा सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य मौजूद रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, गणमान्य नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी की।

कार्यक्रम का संचालन रचना तिवारी और अमित मिश्रा ने किया। अंत में सहायक संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग डॉ. आशुतोष गोस्वामी ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।