आईजी इरशाद वली और एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने किया रहली थाना का औचक निरीक्षण, थाना प्रभारी के कार्यों की सराहना
सागर। आईजीपी इरशाद वली एवं पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने रहली थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, थाना प्रबंधन और पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। साथ ही पुलिस कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी कार्यशैली और जिम्मेदारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने, पुलिस कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने और आमजन से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित वारंटों की समय-सीमा में तामील सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
आईजीपी और एसपी ने पुलिस कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए।
थाना परिसर में बेहतर साफ-सफाई, सुव्यवस्थित प्रबंधन और व्यवस्थाओं के संचालन को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय ऋषिश्वर के कार्यों की अधिकारियों ने सराहना की। उनके कार्यों के लिए पुरस्कृत किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी रहली पूजा शर्मा, थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर सहित थाना रहली का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

