मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

अधिवक्ता संघ की नई कोषाध्यक्ष आरती जैन ने तय की प्राथमिकताएं, डिजिटल अकाउंटिंग और पारदर्शिता पर रहेगा जोर

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
अधिवक्ता संघ की नई कोषाध्यक्ष आरती जैन ने तय की प्राथमिकताएं, डिजिटल अकाउंटिंग और पारदर्शिता पर रहेगा जोर
Sponsor Ad

सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के द्विवार्षिक चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित अधिवक्ता आरती जैन ने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर बातचीत में कहा कि कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी केवल हिसाब-किताब रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि बार के आर्थिक हितों की रक्षा करना और प्रत्येक राशि का उचित एवं उपयोगी उपयोग सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी है।

अधिवक्ता आरती जैन ने कहा कि उनका पहला प्रयास बार फंड का व्यावहारिक और उपयोगी खर्च सुनिश्चित करना होगा। फंड का अधिकतम उपयोग अधिवक्ताओं के कल्याण और उनकी सुविधाओं के विस्तार पर किया जाएगा। इसके साथ ही वित्तीय पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए आय-व्यय का स्पष्ट और नियमित ब्योरा बार के सदस्यों के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि बार के सभी वित्तीय एवं कर संबंधी दायित्वों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाएगा। टैक्स एक्सपर्ट के रूप में वह बार के टैक्स और रिटर्न संबंधी कार्यों को व्यवस्थित तरीके से कराने का प्रयास करेंगी तथा समयबद्ध और निष्पक्ष ऑडिट की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

आरती जैन ने बताया कि अकाउंटिंग व्यवस्था को हाईटेक और डिजिटल बनाने पर भी जोर रहेगा। फीस कलेक्शन को डिजिटल करने के साथ बकाया शुल्क की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उनका उद्देश्य ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें बार के प्रत्येक सदस्य को आर्थिक गतिविधियों की जानकारी सहज और पारदर्शी तरीके से मिल सके।

उन्होंने बार रूम की बैठक व्यवस्था, स्वच्छता और आवश्यक बुनियादी संसाधनों के विस्तार को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। साथ ही नवागत अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा सहयोग की व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

अधिवक्ता आरती जैन ने कहा, “कार्यकुशलता और पारदर्शिता के साथ मैं सभी अधिवक्ताओं के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगी।”

उन्होंने अपनी जीत पर शुभकामनाएं देने वाले अधिवक्ताओं, मित्रों, शुभचिंतकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी सभी का सहयोग और मार्गदर्शन इसी तरह मिलता रहेगा।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।