सागर में गुरु पूर्णिमा पर होगा एक करोड़ हरिद्रा-कुमकुम अर्चन महाअनुष्ठान एक लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना

सागर में गुरु पूर्णिमा पर होगा एक करोड़ हरिद्रा-कुमकुम अर्चन महाअनुष्ठान

एक लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना

सागर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को मां राजराजेश्वरी हरसिद्धि कोटि कुमकुमार्चन लक्ष्मी प्राप्ति महाअनुष्ठान का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन से पहले संत श्री रविशंकर महाराज रावतपुर सरकार द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि शहर के काकागंज वेदांती आश्रम में इस बार गुरु पूर्णिमा का संयोग विशेष और अत्यंत शुभ माना जा रहा है, जिससे यह दिन साधना, पूजा और विशेष अनुष्ठानों के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है।

आयोजन में मां ललिता त्रिपुरसुंदरी एवं मां राजराजेश्वरी के श्रीचरणों में एक करोड़ हरिद्रा एवं कुमकुम अर्चन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार जो श्रद्धालु इस महाअनुष्ठान में शामिल होंगे या माता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे, उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मकता और मां की विशेष कृपा का अनुभव होगा। देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

1100 विद्वान पंडित कराएंगे वैदिक मंत्रोच्चार, 20 एकड़ में होगा आयोजन

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि विश्व शांति, सुख-समृद्धि, लक्ष्मी कृपा और सनातन संस्कृति के संवर्धन का सामूहिक संकल्प है। आयोजन करीब 20 एकड़ क्षेत्र में होगा, जहां लगभग 1100 विद्वान पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश एवं सहभागिता पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।

अनुष्ठान के लिए बड़े स्तर पर पूजन सामग्री की व्यवस्था की गई है। इसमें 100 क्विंटल हल्दी, सवा लाख हल्दी गांठ, 11 टन आम, 11 टन केले, 15 हजार नारियल, 11 हजार साड़ियां, 1100 चांदी के सिक्के, 1100 सोने के सिक्के, 11 हजार चुनरियां, 11 क्विंटल बताशे, एक लाख बीड़ा पान, एक लाख खुला पान, 11 क्विंटल किशमिश, 5 क्विंटल पेड़ा तथा 11 हजार कमल पुष्प शामिल हैं।

धन-समृद्धि, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का बताया गया माध्यम

आयोजकों के अनुसार मां राजराजेश्वरी ललिता त्रिपुरसुंदरी का यह अनुष्ठान शास्त्रों में अत्यंत प्रभावशाली और कल्याणकारी माना गया है। मान्यता है कि इसमें सहभागिता से श्रद्धालुओं को धन एवं वैभव, लक्ष्मी कृपा, व्यापार और रोजगार में उन्नति, पारिवारिक सुख-समृद्धि, नवग्रह दोष शांति, कालसर्प दोष से राहत, रोग-दुःख एवं मानसिक कष्टों से मुक्ति, मनोकामना पूर्ति तथा आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

आयोजकों ने बताया कि यह महाअनुष्ठान सभी वर्ग, आयु और समाज के लोगों के लिए निःशुल्क रहेगा। महिला, पुरुष, युवा, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक सभी श्रद्धापूर्वक इसमें शामिल होकर मां राजराजेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here