नारायणी मंदिर में चोरी से भड़का आक्रोश, बाजार बंद कर लगाया चक्काजाम; पुलिस को सौंपा ज्ञापन
सागर जिले के बीना के खिमलासा स्थित प्रसिद्ध नारायणी मंदिर में सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और नारायणी मंदिर तिराहे पर चक्काजाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पूरा मामला….
बीना के खिमलासा स्थित प्रसिद्ध नारायणी मंदिर में मंगलवार देर रात चोरों ने धावा बोलकर मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी तथा माता की प्रतिमा के कान, नाक और मंगलसूत्र के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर पहुंच गए।
चोरी की घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और नारायणी मंदिर तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई। चक्काजाम के कारण बीना, खुरई और मालथौन मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर बीना एसडीओपी अजय कुमार सनकत और खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष चित्तर सिंह राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश लोधी, रामनारायण सोनी सहित अन्य लोगों ने एसपी के नाम ज्ञापन एसडीओपी को सौंपा और चक्काजाम समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष चित्तर सिंह राजपूत ने क्षेत्र में पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल के दिनों में दो दुकानों में चोरी हो चुकी है। इससे पहले बसाहरी के जैन मंदिर और खिमलासा के समीप बीजासेन मंदिर में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की।


