व्यापारी पर जानलेवा हमला, वीडियो वायरल; एफआईआर के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर आरोपी

0

व्यापारी पर जानलेवा हमला, वीडियो वायरल; एफआईआर के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर आरोपी

सागर। तिलकगंज स्थित शहर की सबसे बड़ी थोक फल एवं सब्जी मंडी में व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले के बाद मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। घटना के बाद आदर्श थोक फल सब्जी विक्रेता संघ की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कुछ आरोपियों ने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं करने और अपने कृत्य पर प्रायश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि मामला केवल आपसी समझाइश का नहीं, बल्कि कानून और व्यवस्था से जुड़ा है।
व्यापारी शफीक राईन पर करेला खरीदी को लेकर कथित रूप से हुए हमले में गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हुई और बड़ी मुश्किल से उनकी दृष्टि सुरक्षित रह सकी। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
काफी व्यापारियों का कहना है कि आदर्श थोक फल सब्जी विक्रेता संघ न तो न्यायालय है और न ही उसे आपराधिक मामलों में निर्णय लेने का अधिकार है। यदि किसी ने लिखित रूप से अपनी गलती स्वीकार की है तो वह पुलिस जांच का विषय हो सकता है, लेकिन इससे दर्ज आपराधिक प्रकरण समाप्त नहीं हो जाता।
घटना के बाद मंडी में भय का माहौल बना हुआ है। कई छोटे व्यापारियों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि वे डर के साये में व्यापार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी भी व्यापारी के साथ ऐसी घटना हो सकती है।
व्यापारियों का कहना है कि वे मंडी में व्यापार और उचित मुनाफा कमाने आते हैं, लेकिन यदि दबंगई और मारपीट का माहौल रहेगा तो निष्पक्ष व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग साढ़े चार बजे हुई, जब मंडी में व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो रही थीं। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में इसकी चर्चा है।
एफआईआर में फरियादी शफीक राईन हैं, जबकि वसीम, तौफीक, अज्जू सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब व्यापारियों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं। उनका कहना है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी ही मंडी में सुरक्षा का माहौल बहाल कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here