सागर में 510 किलो महुआ लाहन जब्त, आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

0

सागर में 510 किलो महुआ लाहन जब्त, आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। शनिवार को विभाग की टीम ने बंडा क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार और मदिरा दुकानों में मिली अनियमितताओं पर सख्त कदम उठाए।

आबकारी विभाग को मिली शिकायत के आधार पर बंडा क्षेत्र में दबिश देकर अवैध हाथ भट्टी शराब बनाने के लिए गड्ढों में दबाकर रखा गया करीब 510 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(एफ) के तहत दो प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान शाहगढ़ और हीरापुर स्थित कंपोजिट मदिरा दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। शाहगढ़ की दुकान के पास अवैध मदिरापान पाए जाने पर धारा 36(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, वहीं दुकान में मिली अनियमितताओं को लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। हीरापुर मदिरा दुकान में एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेचने और अन्य अनियमितताएं मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई।

इसके बाद ग्राम कुडारी, रिछौरा और बाररू में अवैध शराब के संग्रहण, बिक्री और अवैध मदिरापान गृहों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान धारा 34(1)ए एवं 36(ए) के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर 6.78 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

देर रात आबकारी अमले ने शहर में भी सघन गश्त की। गोपालगंज, गुजराती बाजार, कटरा और संजय ड्राइव स्थित मदिरा दुकानों के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को हटाया गया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here