सागर के निजी स्कूलों के संगठन सहोदया को नया नेतृत्व, सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यकारिणी
सागर। निजी विद्यालयों के संगठन सहोदया सागर की बैठक जैन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सहमति के साथ संपन्न हुई।
नई कार्यकारिणी में सिस्टर मौली थॉमस को अध्यक्ष, डॉ. एस.बी. सिंह को सचिव, रविकांत को उपाध्यक्ष तथा डॉ. मंजू कोहली को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में सहोदया से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय, नवाचार को बढ़ावा देने तथा छात्र हित से जुड़े विषयों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। साथ ही भविष्य में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को लाभ पहुंचाने पर भी सहमति बनी।


