13 सूत्रीय मांगों के निराकरण तक नगर निगम कर्मचारियों की कामबंद हड़ताल जारी रहेगी-
स्थापना प्रभारी एवं लेखाधिकारी को हटाने की मांग पर अड़े कर्मचारी संगठन
सागर। नगर निगम कर्मचारियों की 13 सूत्रीय लंबित मांगों के समर्थन में चल रहा आंदोलन बुधवार को नए चरण में प्रवेश कर गया। पिछले 15 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे नगर निगम के विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल प्रारंभ कर दी, जिसके चलते नगर निगम के अधिकांश विभागों में कामकाज प्रभावित रहा।
नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेशसिंह राजपूत, संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष श्री हरेन्द्र खटीक तथा जिलाध्यक्ष सईदउद्दीन कुरैशी ने संयुक्त रूप से बताया कि कर्मचारी संगठनों द्वारा 13 सूत्रीय मांगों के संबंध में महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त को पूर्व में ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि निगमायुक्त द्वारा कर्मचारियों की मांगों के निराकरण के लिए आवश्यक प्रकरण सहायक आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थापना शाखा एवं लेखा शाखा स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि स्थापना प्रभारी एवं लेखाधिकारी को संबंधित शाखाओं से हटाने तथा कर्मचारियों की मांगों के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि मांगों के समाधान के बाद ही निगम प्रशासन के साथ आगे की चर्चा की जाएगी।
कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में शासन के निर्देशानुसार पदोन्नति, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान, लगभग 8 करोड़ रुपये की जीपीएफ राशि तथा 2.50 करोड़ रुपये की एनपीएस राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराना, रिक्त पदों पर नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्तियां, समयमान वेतनमान का लाभ, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 300 दिवस की ग्रेच्युटी राशि प्रदान करना तथा सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश उपलब्ध कराना शामिल है।
कामबंद हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। आंदोलन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
नागरिकों से सहयोग की अपील
13 सूत्रीय मांगों के निराकरण तक नगर निगम कर्मचारियों की कामबंद हड़ताल जारी रहेगी
कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के कारण नागरिकों को होने वाली असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए नगरवासियों से सहयोग की अपील की है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के भविष्य, अधिकारों एवं लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है तथा वे आशा करते हैं कि नागरिक उनकी परिस्थितियों को समझते हुए समर्थन प्रदान करेंगे।
धरना प्रदर्शन के दौरान राजेन्द्र मलैया, मनोज चैबे, राजेश चोबे, चंद्रविजय गौर, अनिल दुबे, प्रसन्न तिवारी, अनिरूध्द चांचोदिया, भरत चांदोदिया, कुलदीप बाल्मीकि, सुदेश सनकत, सूरज मंछदर, राजेन्द्र सनकत, सुरेन्द्र महावत, कमलेश डागोर, सविता दुबे, महेश करोसिया, भोलाप्रसाद करोलिया, शुकुनतला गोस्वामी, सुंदरलाल जैन, राधेलाल, सुदामा मछन्दर, रमेश बोहत, दीपक ज्ञान, माधव चढ़ार, संजय रैकवार, संजय तिवारी, अजय रैकवार, जया श्रीवास्तव, अजय मंछदर,विजय श्रीवास्तव, विजय महावत, शुकुन्तला गोस्वामी, विकास गुरू, हेंत सारवान, रज्जन करोसिया, अजय रैकवार नन्हेभाई पटैल, विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।


