सागर में भीषण सड़क हादसा : स्कूल वैन ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की गई जान
सागर। जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सरखड़ी-बांसा मार्ग पर ताजपुर तिराहे के पास एक तेज रफ्तार स्कूल वैन ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बांसा निवासी 42 वर्षीय गुड्डू यादव और सिंगारचौरी निवासी उनके 27 वर्षीय मित्र रामबाबू उर्मी किसी निजी कार्य से बाइक पर सागर जा रहे थे। इसी दौरान ताजपुर तिराहे के पास सरखड़ी कॉन्वेंट स्कूल की वैन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल भाग्योदय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक गुड्डू यादव के भाई विजय यादव ने बताया कि स्कूल वैन सरखड़ी से बच्चों को लेने के लिए बांसा आ रही थी। उनके अनुसार वैन में करीब तीन बच्चे भी सवार थे, लेकिन जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां न तो चालक मौजूद था और न ही बच्चे दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि गुड्डू यादव बाइक चला रहे थे, जबकि रामबाबू उर्मी पीछे बैठे थे।
पुलिस ने फरार वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


