कार का टायर पंचर होते ही ऑटो से भिड़ी गाड़ी, नवजात सहित सभी बाल-बाल बचे

0

कार का टायर पंचर होते ही ऑटो से भिड़ी गाड़ी, नवजात सहित सभी बाल-बाल बचे

सागर।  जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-सिलवानी स्टेट हाईवे.15 पर वंदना भवन के पास सोमवार शाम करीब 5 बजे एक सड़क हादसा हो गया। डिलीवरी के बाद अस्पताल से घर लौट रहे परिजनों से भरे ऑटो को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि तीन दिन का नवजात पूरी तरह सुरक्षित है। जानकारी के अनुसार बरखुआ खुर्द निवासी सोनू पटेल की पत्नी गीताबाई ने जैसीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बच्चे को जन्म दिया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार और परिजन ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सागर की ओर से आ रही एक कार का टायर अचानक पंचर हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर लहराते हुये ऑटो से जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को तत्काल जैसीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। ऑटो में सोनू पटेल, उनकी पत्नी गीताबाई, तीन दिन का नवजात सहित राजू पटेल और कृष्णाबाई सवार थे। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना, क्योंकि टक्कर के बावजूद नवजात समेत पूरा परिवार बड़े खतरे से बच गया। वही पुलिस ने कार को जब्त कर थाना परिसर में रखवा दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here