छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी पिकअप ट्रक से टकराई,10 लोगों की मौत !
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। दुर्घटना में करीब 10 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और घायलों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।


