सागर में शराबी युवक का सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

सागर में शराबी युवक का सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा, आधे घंटे तक थमा ट्रैफिक, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

सागर। शहर के व्यस्त मार्ग पर एक शराबी युवक ने जमकर उत्पात मचाया। गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित कलेक्टर कार्यालय के पास पीली कोठी घाटी में युवक ने नशे की हालत में राहगीरों और वाहन चालकों पर पत्थर फेंके, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामा चलता रहा और यातायात प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बीच सड़क पर लेट गया और लगातार लोगों को परेशान करता रहा। कई वाहन चालकों को रुकना पड़ा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के संवेदनशील और व्यस्त इलाके में इतना लंबा हंगामा चलता रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच जाती तो न तो ट्रैफिक बाधित होता और न ही राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती।

आखिरकार राहगीरों और बाद में पहुंची पुलिस की मदद से युवक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

अब सवाल यह है कि शहर में लगातार बढ़ रही नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले ऐसे उत्पात को रोकने के लिए पुलिस क्या ठोस कदम उठाएगी, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here