हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता: 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी से देशी कट्टा बरामद
सागर। सागर जिले के चर्चित मोतीनगर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मोतीनगर पुलिस ने 10-10 हजार रुपए के इनामी फरार आरोपी मनु सोनी एवं मुख्य आरोपी यश सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोपी ओम अहिरवार की तलाश जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए पहले मनु सोनी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रविवार को मुख्य आरोपी यश सोनी को उत्तर प्रदेश के ललितपुर से पकड़कर सागर लाया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है।
पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे थाना मोतीनगर क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड स्थित गोंड बाबा चबूतरा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर फरियादी ओम साहू एवं उसके भाई मयंक साहू का आरोपियों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी, जिससे मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वहीं ओम साहू पर भी चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया गया था।
घटना के संबंध में थाना मोतीनगर में हत्या, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
अंतरराज्यीय स्तर पर चली तलाश
घटना के बाद फरार आरोपी मनु सोनी, यश सोनी एवं ओम अहिरवार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुजरात, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, इंदौर और कटनी सहित विभिन्न स्थानों पर छिपकर फरारी काट रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट, मुखबिर तंत्र एवं अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से लगातार उनकी तलाश जारी रखी।
रेलवे आउटर पर दबिश, मनु सोनी गिरफ्तार
19 जून को पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी सागर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं शहर के प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी। बहेरिया-रहली रेलवे आउटर क्षेत्र में दबिश के दौरान आरोपी भागने लगे। इस दौरान मनु सोनी निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज से नीचे कूद गया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 20 ग्राम एमडी ड्रग्स भी बरामद की गई। मनु सोनी एक अन्य एनडीपीएस प्रकरण में भी फरार चल रहा था।
यश सोनी की गिरफ्तारी के बाद कट्टा बरामद
मनु सोनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। इसी क्रम में 21 जून को मुख्य आरोपी यश सोनी को ललितपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर थाना मोतीनगर लाया गया। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सोशल मीडिया पर फैलाई गई थी अफवाह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों की फरारी का फायदा उठाकर एक विधि-विवादित बालक ने सोशल मीडिया पर आरोपियों के नाम से किसी व्यक्ति को जान से मारने की धमकी वाले संदेश वायरल कर दिए थे। जांच में पता चला कि उसका आरोपियों से कोई संबंध नहीं था। उसने सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से यह अफवाह फैलाई थी।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी मनु सोनी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट सहित लगभग 25 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी यश सोनी के विरुद्ध लगभग 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, उप निरीक्षक पी.डी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र शर्मा, सौरभ रैकवार, सुनील चौबे, दिनेश यादव, जानकी मिश्रा तथा आरक्षक श्रीकांत चौबे, आशीष यादव, आशीष सिंह, मनीष तिवारी, प्रदीप शर्मा, अमन स्वामी, सत्येंद्र सिंह, अनुराग वैद्य, गुड्डू शर्मा, आंचल सेन, चंदन बिल्थरे, सोमवीर सिंह, कुलदीप ठाकुर, दीपक अहिरवार, मुकेश अहिरवार एवं हेमेंद्र ठाकुर की विशेष भूमिका रही।


