सागर में मंदिर चोरियों का खुलासा, ₹80 हजार का धार्मिक सामान बरामद; आरोपी गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने मंदिरों में हुई दो चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लगभग ₹80 हजार मूल्य का चोरी गया धार्मिक सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलगिरी जैन तीर्थ स्थित चंद्रप्रभु मंदिर से 23 पीतल के छत्र चोरी हो गए थे, जिनकी कीमत करीब ₹60 हजार थी। वहीं काकागंज स्थित माता खेरापति कोरी समाज मंदिर से लड्डू गोपाल की मूर्ति, पीतल के बर्तन, चांदी के धागे में बंधा झूमर और पीतल की घंटी सहित लगभग ₹20 हजार का सामान चोरी किया गया था।
दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ऋषि सेन (45) निवासी पंथनगर वार्ड, सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने दोनों चोरियों को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 23 पीतल के छत्र, लड्डू गोपाल की मूर्ति, पूजन सामग्री के पीतल के बर्तन, झूमर एवं घंटी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सागर पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


