कलेक्टर के निर्माण एजेंसी को सख़्त निर्देश: जरूआखेड़ा और खिमलासा आरओबी का काम समय पर करें पूरा
डायवर्जन सुधारने और सड़कें मोटरेबल करने के सख्त निर्देश
सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जरूआखेड़ा और खिमलासा में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में निर्माण एजेंसी और संबंधित कार्यपालन यंत्री उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान कलेक्टर पाल ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और निर्माण एजेंसी को सख्त हिदायत दी कि तय समय-सीमा के भीतर काम को पूरा किया जाए।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश दिए हैं कि यातायात की सुगमता और आम जनता की परेशानी को ध्यान में रखते हुए ब्रिज निर्माण के कारण जहाँ भी रास्तों को बदला गया है, उन डायवर्जन मार्गों को तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि निर्माण स्थल और उसके आसपास की सड़कों को तुरंत मोटरेबल (वाहन चलने योग्य) बनाया जाए, जिससे धूल और गड्ढों के कारण राहगीरों को परेशानी न हो। निर्माण एजेंसी को कार्ययोजना बनाकर मैनपावर बढ़ाने और कार्य की गति में तेजी लाने को कहा गया है, जिससे परियोजना में अनावश्यक देरी को रोका जा सके। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्रियों को नियमित रूप से साइट का निरीक्षण करने और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।


