बलवा नियंत्रण में दक्षता बढ़ाने पुलिस लाइन में हुई विशेष ड्रिल, पुलिस बल को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
सागर, 12 जून। जिले में कानून-व्यवस्था की किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सागर में शुक्रवार को बलवा परेड एवं दंगा नियंत्रण ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 15 थानों के थाना प्रभारी अपने-अपने पुलिस बल के साथ शामिल हुए।
बलवा नियंत्रण में दक्षता बढ़ाने पुलिस लाइन में हुई विशेष ड्रिल, पुलिस बल को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण pic.twitter.com/BUGfjEh4aQ — Gajendra Thakur (@kka_news) June 12, 2026
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को दो दलों में विभाजित कर बलवा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा उपायों तथा दंगा नियंत्रण उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को विभिन्न फॉर्मेशन, त्वरित प्रतिक्रिया, सामूहिक संचालन एवं आपात परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। साथ ही सुरक्षा सामग्री को सही ढंग से धारण करने एवं उसके उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों में धैर्य, अनुशासन और संयम के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बलवा अथवा भीड़ नियंत्रण के दौरान आने वाली चुनौतियों एवं उनसे प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिस बल को मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए विधिसम्मत एवं पेशेवर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण से पुलिस बल की कार्यकुशलता, आत्मविश्वास तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता में वृद्धि होती है। प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर दंगा नियंत्रण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।


