सहकारिता से किसानों को मिलेगी आर्थिक मजबूती, कार्यकर्ता बनें योजनाओं और किसानों के बीच सेतु : महेंद्र सिंह यादव
सागर। अपेक्स बैंक प्रशासक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। सहकारी बैंकों द्वारा पात्र किसानों को 3 लाख रुपये तक का कृषि ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों को खेती की जरूरतों के लिए सस्ती वित्तीय सहायता मिल सके।
गुरुवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए श्री यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को सहकारी समितियों और बैंकों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज और सरकार के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने की योजना को किसान हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस दौरान महेंद्र सिंह यादव ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए। भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने पदाधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर ने तथा आभार जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


