सागर ई-बस सेवा: कलेक्टर ने दी 30 जून की डेडलाइन, डिस्कॉम और ट्रांसमिशन के काम तत्काल वाइंड-अप करने के निर्देश

0

सागर ई-बस सेवा: कलेक्टर ने दी 30 जून की डेडलाइन, डिस्कॉम और ट्रांसमिशन के काम तत्काल वाइंड-अप करने के निर्देश

तय समय में पूरे करें बिजली और सिविल के काम – कलेक्टर

सागर। शहर के लिए महत्वाकांक्षी पीएम ई-बस सेवा योजना के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर ने ई-बसों के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन और पावर कनेक्शन से जुड़े सभी लंबित कार्यों को 30 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाएं।

कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने कहा कि चूंकि शहर पीएम बस सेवा के अंतर्गत चुना गया है और शहर में बसें पहले से ही उपलब्ध हैं, इसलिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण जनता को इस आधुनिक परिवहन सेवा से और अधिक वंचित नहीं रखा जा सकता।

बैठक में न्यू आरटीओ ऑफिस के पास तिलीमाफ़ी में बन रहे ई-बस डिपो के विद्युतीकरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी (Discom) और ट्रांसमिशन विभाग के अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। डिपो परिसर में निर्माणाधीन 1.5 एमवीए, 33 केवी सब-स्टेशन और सुआताला फीडर से 1500 केवीए ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए बिजली लाइन खींचने के काम को 30 जून तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।

सिविल वर्क्स की समीक्षा

कलेक्टर  पाल ने सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (SCTSL) और सिविल विंग को डिपो के भीतर चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। वर्तमान स्थिति की समीक्षा में पाया गया कि, डिपो के संचालन के लिए सबसे महत्वपूर्ण कंट्रोल रूम का काम मौके पर तेजी से चालू है। बसों की तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए बनने वाले मेंटेनेंस पिट और प्रशासनिक भवन के सिविल कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। कलेक्टर ने सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर के और इलेक्ट्रिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए स्वीकृत बजट का सही और त्वरित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजना के तहत प्रस्तावित शहरी और उप-शहरी रूट्स पर बसों का ट्रायल और संचालन इस तरह से प्लान किया जाए कि बिजली का काम पूरा होते ही बसें सड़कों पर दौड़ने लगें। बैठक में सागर एसडीएम श्री अमन मिश्रा, एस ई एमपीईबी श्रीमती प्रभाकर सहित अन्य अधिकारी, कॉन्ट्रैक्टर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here