स्कूल बसों की सुरक्षा जांच पर उठे सवाल, स्कूल खुलते ही सक्रिय हुआ परिवहन विभाग, 13 बसों में कमियां, चेतावनी बस

स्कूल बसों की सुरक्षा जांच पर उठे सवाल, स्कूल खुलते ही सक्रिय हुआ परिवहन विभाग, 13 बसों में कमियां, चेतावनी बस

सागर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर परिवहन विभाग ने स्कूल बसों का सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने शहर के प्रमुख स्कूलों—पारस विद्या विहार, दिल्ली पब्लिक स्कूल और दून स्कूल—की लगभग 46 बसों की जांच की, जिनमें से 13 बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। विभाग ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान सुप्रीम कोर्ट और सीबीएसई की गाइडलाइन के तहत बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, चालक की पात्रता, परिचालक की नियुक्ति तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों का कहना है कि 15 जून तक यह अभियान जारी रहेगा और इसके बाद सड़क पर संचालित बसों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा।

हालांकि इस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। कई अभिभावकों और सामाजिक लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग हर वर्ष स्कूल खुलने के समय औपचारिक जांच अभियान चलाता है, लेकिन पूरे वर्ष स्कूल वाहनों की नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उनका आरोप है कि कई बसें सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करती रहती हैं, फिर भी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती।

जानकारों का कहना है कि यदि 46 बसों में से 13 बसों में कमियां मिली हैं तो यह बच्चों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है। केवल चेतावनी देने के बजाय दोषी वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई भी आवश्यक है ताकि सुरक्षा नियमों का वास्तविक पालन सुनिश्चित हो सके।

फिलहाल जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगामी निरीक्षणों में गंभीर खामियां मिलने पर फिटनेस निरस्त करने सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब देखने वाली बात होगी कि यह अभियान केवल स्कूल खुलने तक सीमित रहता है या पूरे शैक्षणिक सत्र में भी इसी गंभीरता से निगरानी जारी रहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here