ग्राम सभा में बवाल: पानी के किराये को लेकर रोजगार सहायक पर हमला, CCTV में कैद हुई मारपीट

0

ग्राम सभा में बवाल: पानी के किराये को लेकर रोजगार सहायक पर हमला, CCTV में कैद हुई मारपीट

सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पड़रिया में पानी के किराये के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम सभा की बैठक के दौरान पंचायत भवन के भीतर रोजगार सहायक (प्रभारी सचिव) के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पंचायत भवन के भीतर हुई मारपीट स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़रिया में पदस्थ रोजगार सहायक एवं अतिरिक्त सचिव मुकेश कुर्मी (35) ने सानौधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि गांव में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। इसी कारण पंचायत ने 17 अप्रैल से साहब सिंह चौहान के निजी बोरवेल से किराये पर पानी लेना शुरू किया था, जिससे ग्रामीणों की जरूरतें पूरी की जा सकें।
मुकेश कुर्मी के मुताबिक, 5 जून की दोपहर पंचायत भवन में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की जा रही थी और वह बैठक की व्यवस्थाओं एवं कार्यवाही में व्यस्त थे। इसी दौरान साहब सिंह चौहान वहां पहुंचे और पानी के किराये का भुगतान करने की मांग करने लगे। जब मुकेश ने उन्हें बताया कि इस संबंध में सरपंच से चर्चा कर जल्द भुगतान की व्यवस्था कर दी जाएगी, तो इस बात पर साहब सिंह नाराज हो गए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि बाद में चार लोगों ने पंचायत भवन में पहुंचकर रोजगार सहायक के साथ मारपीट की। घटना के दौरान ग्राम सभा की कार्यवाही भी प्रभावित हुई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सामने आया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और चारों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here