जिलेभर में सागर पुलिस की रात्रि कांबिंग गश्त, 221 वारंटी गिरफ्तार
जिला बदर आरोपी भी पकड़ा गया, गांव-ढाबों और खेतों में देर रात तक चली दबिश
सागर। जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ सागर पुलिस ने शुक्रवार रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान 221 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया।
अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा द्वारा की गई। कार्रवाई में जिले के सभी एसडीओपी, सीएसपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने गांवों, ढाबों, खेतों और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर फरार अपराधियों और निगरानी बदमाशों की तलाश की। पुलिस ने कुल 142 गिरफ्तारी वारंट एवं 79 स्थाई वारंट तामील किए, जबकि दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।
अभियान के दौरान निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की जांच कर थाना स्तर पर रिकॉर्ड भी अपडेट किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार लगातार चल रही कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना हुआ है।
इसी क्रम में थाना महाराजपुर पुलिस ने कांबिंग गश्त के दौरान जिला बदर आरोपी प्यारे लाल राय (40) निवासी ग्राम बारहा को उसके खेत से गिरफ्तार किया। आरोपी को पूर्व में पांच माह के लिए जिला बदर किया गया था और बेलखेड़ा थाना क्षेत्र, जिला जबलपुर में छोड़ा गया था। बावजूद इसके वह पुनः क्षेत्र में पाया गया, जिस पर पुलिस ने जिला बदर आदेश उल्लंघन के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी प्रकार लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत बनी रहे।



