IPS एसोसिएशन का बड़ा एक्शन: विधायक प्रीतम लोधी की धमकी पर कड़ी नाराज़गी, कार्रवाई की मांग
भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी द्वारा करैरा SDOP डॉ. आयुष जाखड़ को कथित तौर पर धमकाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब IPS Association भी खुलकर सामने आ गया है। एसोसिएशन ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए विधायक की भाषा को अशोभनीय और अमर्यादित बताया है।
एसोसिएशन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि वायरल वीडियो में जिस तरह की अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह न सिर्फ निंदनीय है बल्कि सार्वजनिक जीवन की गरिमा के भी खिलाफ है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि नव-नियुक्त अधिकारी और उनके परिवार के खिलाफ की गई टिप्पणियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।
एसोसिएशन ने साफ कहा कि इस तरह का व्यवहार किसी भी जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के अनुरूप नहीं है और इससे प्रशासनिक तंत्र के मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ता है।
कार्रवाई की मांग तेज
IPS Association ने अपने पत्र में मांग की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की भाषा और धमकीपूर्ण रवैया बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। खास बात यह रही कि यह पत्र Civil Services Day के दिन जारी किया गया, जिसे एसोसिएशन ने दुर्भाग्यपूर्ण संयोग बताया।
वायरल वीडियो में दी खुली धमकी
बताया जा रहा है कि प्रीतम लोधी के तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वे SDOP को धमकाते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में उन्होंने कहा कि “करैरा क्या तुम्हारे डैडी का है”, जबकि दूसरे में विवादित बयान देते हुए कहा कि “मेरा हाथ पहले ढाई किलो का था, अब ढाई सौ किलो का हो गया है।”
इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि हजारों लोगों को लेकर SDOP के बंगले को गोबर से भर देंगे। साथ ही शिवपुरी पुलिस को 15 दिन की खुली चुनौती देते हुए सवाल उठाया कि “दिल्ली से इन्हें कौन चला रहा है—नरेंद्र मोदी, अमित शाह या ज्योतिरादित्य सिंधिया?”
इस पूरे मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।


