शालाओं में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: कमिश्नर
सागर। सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संभाग में कक्षा पहली, छठवीं और नौवीं में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित नहीं रहना चाहिए और इसके लिए नामांकन एवं मैपिंग कार्य तेज गति से पूरा किया जाए।
संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित नहीं की गईं, तो संबंधित अधिकारियों और प्राचार्यों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए द्वितीय परीक्षा से पूर्व विशेष कक्षाएं संचालित कर उनका मार्गदर्शन किया जाए, ताकि उनका परिणाम बेहतर हो सके। वहीं कक्षा पहली और तीसरी के लिए संचालित अंकुर मिशन में लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए और कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कमिश्नर ने बालिका शौचालय निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए दमोह, निवाड़ी और पन्ना जिलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्कूलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, पानी की टंकियों और हैंडपंपों की नियमित साफ-सफाई कराने तथा विद्यार्थियों में जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा धरती आबा कार्यक्रम, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण, गांव की बेटी एवं प्रतिभा किरण योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


