डबल बेड के अंदर मिला डांसर का शव, 4-5 दिन पुरानी हत्या की आशंका से सनसनी

0

डबल बेड के अंदर मिला डांसर का शव, 4-5 दिन पुरानी हत्या की आशंका से सनसनी
खुरई (सागर)। खुरई देहात थाना क्षेत्र के सहोद्रा राय वार्ड में शनिवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक महिला डांसर का शव उसके ही घर में डबल बेड के अंदर मिला। मृतका की पहचान ममता अहिरवार (45), पति स्वर्गीय रोशन अहिरवार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शव 4 से 5 दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 दिन बाद घर लौटे परिजन, खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला के बेटे देव और बेटी मुस्कान अपनी बड़ी बहन के यहां गंजबासौदा से लौटे। घर पहुंचने पर उन्हें दरवाजे पर ताला लगा मिला। पुलिस की सलाह पर ताला तोड़ा गया, जैसे ही दरवाजा खुला, घर के अंदर से तेज बदबू आने लगी। कमरे में रखे डबल बेड को खोलने पर अंदर ममता का शव पड़ा मिला, जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए।
5 अप्रैल को हुई थी आखिरी बातचीत
परिजनों के मुताबिक, 5 अप्रैल की रात ममता से आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान उसने बीना रिफायनरी के गेट नंबर 3 के पास एक कार्यक्रम में होने की जानकारी दी थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया था। शनिवार को ही परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कमरे में फैले खून के निशान, खौफनाक मंजर
मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि शव में कीड़े पड़ चुके थे और बेड के अंदर से खून बहकर पूरे कमरे में फैल गया था। यह भयावह दृश्य देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
हत्या की आशंका, एफएसएल जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति से अनुमान है कि महिला की मौत 4 से 5 दिन पहले हुई है। हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है और साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
कई सवालों के घेरे में मामला
डबल बेड के अंदर शव मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की हत्या किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here