अटल पार्क में गंदगी देख बिफरे निगमायुक्त, रखरखाव एजेंसी को नोटिस देने के निर्देश

अटल पार्क में गंदगी देख बिफरे निगमायुक्त, रखरखाव एजेंसी को नोटिस देने के निर्देश

Ad 1

सागर। निगमायुक्त सह सीईओ सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री ने शनिवार को अटल पार्क का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्क के साइकिल ट्रैक, पैदल पाथवे और ओपन एयर थिएटर के पास प्लास्टिक की बोतलें व कचरा फैला मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निगमायुक्त ने तत्काल प्रभाव से पार्क के संचालक और रखरखाव एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

स्वच्छता सर्वेक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर को प्रथम स्थान पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे में स्वच्छता के प्रति जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि पार्क में सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का प्रवेश पूर्णतः वर्जित करें। साथ ही, यहाँ-वहाँ कचरा फेंकने वालों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखकर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाए।

पार्क को ‘जीरो वेस्ट’ बनाने पर जोर

निरीक्षण के दौरान श्री खत्री ने कहा कि पार्कों से निकलने वाली सूखी पत्तियों को जलाया न जाए, बल्कि उन्हें कंपोस्ट पिट में डालकर खाद तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क के भीतर डस्टबिन का कचरा नियमित रूप से कलेक्शन वाहनों के जरिए प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाए और पार्क की रैलिंग व पाथवे की आवश्यक रिपेयरिंग और पेंटिंग कराई जाए।

पर्यावरण के लिए ऑक्सीजन बैंक हैं ये पार्क
पार्क के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निगमायुक्त ने कहा कि शहर के पार्क केवल सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए ‘समृद्ध ऑक्सीजन बैंक’ और ‘इकोसिस्टम’ का हिस्सा हैं। अटल पार्क में लगे नीम, पीपल और जामुन जैसे देशी वृक्षों का संरक्षण आवश्यक है ताकि पक्षियों का बसेरा बना रहे और नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलता रहे। उन्होंने एजेंसी को पौधों की समय पर खाद-पानी देने और उनके बेहतर विकास सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here