दीवार गिरने से 9 मासूमों की मौत मामले में बड़ा फैसला: मकान मालिक व कथा आयोजकों को 5-5 साल की सजा

0

दीवार गिरने से 9 मासूमों की मौत मामले में बड़ा फैसला: मकान मालिक व कथा आयोजकों को 5-5 साल की सजा

Ad 1

सागर जिले के शाहपुर में अगस्त 2024 में हुए उस दर्दनाक हादसे, जिसमें दो मंजिला मकान की दीवार गिरने से 9 बच्चों की जान चली गई थी, अब अदालत ने अपना निर्णय सुना दिया है। इस मामले की सुनवाई नवम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश सिंह की अदालत में हुई।

कोर्ट ने मामले में दोषी पाए गए मकान मालिक मुलू पिता जगन पटेल निवासी शाहपुर तथा कथा आयोजन से जुड़े संजू उर्फ केशव पिता शिव पटेल और शिव पिता गजराज पटेल, दोनों निवासी शाहपुर, को 5-5 साल के सश्रम कारावास के साथ जुर्माना भी लगाया है।

सरकार की ओर से इस प्रकरण में पैरवी अपर लोक अभियोजक देवेश बचकैंया ने की।

अभियोजन के मुताबिक, शाहपुर में शिव पटेल द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा था, जो 2 अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त 2024 तक चलनी थी। 4 अगस्त को, जो कथा का तीसरा दिन था और रविवार भी था, सुबह से ही कथास्थल पर पार्थिव शिवलिंग बनाने का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए थे।

इसी दौरान पास में स्थित मुलू पटेल के पुराने और जर्जर खाली पड़े दो मंजिला मकान की दीवार अचानक ढह गई। मलबे के नीचे 11 बच्चे दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां 9 बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए।

घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान मकान मालिक मुलू पटेल के साथ-साथ कथा आयोजक शिव पटेल और संजू उर्फ केशव पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश किया, जिसके बाद सुनवाई शुरू हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने सभी जरूरी साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत किए। इन्हीं के आधार पर अदालत ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए तीनों आरोपियों को 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई।

इस हादसे में शाहपुर के दिव्यांश (12 वर्ष) पिता नीतेश साहू, नीतेश (13 वर्ष) पिता कमलेश पटेल, आशुतोष (15 वर्ष) पिता मानसिंह प्रजापति, प्रिंस (12 वर्ष) पिता अशोक साहू, पर्व (10 वर्ष) पिता कृष्णकुमार विश्वकर्मा, देवराज (12 वर्ष) पिता गोविंद साहू, वंश उर्फ मयंक (10 वर्ष) पिता यशवंत लोधी, हेमंत (10 वर्ष) पिता भूरे जोशी और ध्रुव (12 वर्ष) पिता जगदीश यादव की मौत हुई थी। वहीं सुमित प्रजापति और खुशी पटवा इस घटना में घायल हुए थे।

घटना के बाद मामला गंभीर होते ही प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की गई थी। बरसात के दौरान जर्जर भवनों की निगरानी और सुरक्षा में लापरवाही सामने आने पर तत्कालीन सागर कलेक्टर दीपक आर्य और एसपी अभिषेक तिवारी को उनके पद से हटा दिया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here