शीतला अष्टमी पर मातम: नालंदा मंदिर में भगदड़ से 8 महिलाओं की मौत, भारी भीड़ और अव्यवस्था बनी हादसे की वजह

0

शीतला अष्टमी पर मातम: नालंदा मंदिर में भगदड़ से 8 महिलाओं की मौत, भारी भीड़ और अव्यवस्था बनी हादसे की वजह
नालंदा (बिहार) बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। शीतला अष्टमी के अवसर पर जुटी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मचने से 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर से लेकर अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मृतकों में दो महिलाओं की पहचान हो चुकी है। इनमें सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की 50 वर्षीय पत्नी रीता देवी और मथुरापुर नूरसराय के कमलेश प्रसाद की 45 वर्षीय पत्नी रेखा देवी शामिल हैं। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक महिलाएं हैं।
घायलों को तुरंत पास के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी, यानी शीतला अष्टमी के दिन हुई, जो इस वर्ष का अंतिम मंगलवार भी था। इस खास मौके पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ अचानक बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा थी, लेकिन उसके अनुरूप सुरक्षा और व्यवस्था नहीं थी। इसी वजह से स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
गौरतलब है कि मघड़ा गांव, जो बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर है, में शीतला अष्टमी के दिन विशेष धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और एक दिन पहले बनाया गया ठंडा भोजन माता को अर्पित किया जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचते हैं, जिससे हर साल भीड़ का दबाव बना रहता है।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है और व्यवस्था में हुई संभावित चूक की पड़ताल की जा रही है।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here