ऑटो चालक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म

0

ऑटो चालक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म

सागर शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा चालक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्वाली मोहल्ला, गोपालगंज निवासी अन्नू उर्फ अनिल पिता सत्यनारायण यादव (35) ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे पेशे से ऑटो रिक्शा चालक हैं और 13 मार्च की रात लगभग 10:45 बजे ऑटो चलाकर अपने घर लौट रहे थे।
जब वे डिग्री कॉलेज के पास पहुंचे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें हाथ देकर ऑटो रोकने के लिए कहा। उस व्यक्ति ने खुद को ढाना निवासी अनिकेत अहिरवार बताते हुए आगे तक छोड़ने की बात कही। लेकिन चालक द्वारा जाने से मना करने पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
बताया गया है कि इसी दौरान आरोपी ने अचानक धारदार हथियार निकालकर ऑटो चालक पर हमला कर दिया। हमले में अनिल यादव की नाक और होंठ पर चोट आई, वहीं दाहिने हाथ तथा बाएं हाथ की हथेली और उंगलियों में भी गंभीर घाव हो गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने और मौके पर जुटने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। घायल चालक को तत्काल डायल-112 पुलिस वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएमसी रेफर कर दिया गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी अनिकेत अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here