सागर। मोतीनगर पुलिस द्वारा गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार- प्रकरण में पीड़िता (उम्र 25 वर्ष) द्वारा दिनांक 08.09.2025 को थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपी महेन्द्र वंशवर्ती पिता गोत्री वंशवर्ती निवासी बीजा डोंगरी मुडारी, थाना जवेरा, जिला दमोह का उसके घर आना-जाना था, जिससे दोनों के बीच पहचान हो गई थी। इसी पहचान और विश्वास का फायदा उठाकर एक दिन जब पीड़िता घर में अकेली थी, तब आरोपी जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। भय और सामाजिक संकोच के कारण पीड़िता ने कुछ समय तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दी, लेकिन बाद में साहस कर थाना मोतीनगर में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में आरोपी के विरुद्ध धारा 64(2)(एम), 331(4), 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 14.03.2026 को पुलिस ने आरोपी महेन्द्र वंशवर्ती (उम्र 33 वर्ष) को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। तत्पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना मोतीनगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी
निरीक्षक जसवंत राजपूत थाना प्रभारी मोतीनगर,
उप निरीक्षक सत्यभामा मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक नदीम शेख, आरक्षक सत्येन्द्र सिंह तथा आरक्षक राहुल का विशेष योगदान रहा।


