सागर जिले के 8 मदिरा समूहों की दुकानों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित

0

सागर जिले के 8 मदिरा समूहों की दुकानों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित

सागर। कलेक्टर  संदीप जी आर के निर्देशानुसार कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला सागर द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए जिले की मदिरा दुकानों के निष्पादन हेतु ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में सहायक आयुक्त आबकारी के अनुसार आबकारी ठेका व्यवस्था वर्ष 2026-27 तथा आबकारी आयुक्त, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में ई-टेंडर एवं री-टेंडर कम आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से मदिरा दुकानों का निष्पादन किया जाएगा।

सहायक आयुक्त आबकारी, जिला सागर ने बताया कि जिले के 08 मदिरा समूहों में सम्मिलित कंपोजिट मदिरा दुकानों के निष्पादन के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इन दुकानों का कुल आरक्षित मूल्य लगभग 3 अरब 81 करोड़ 25 लाख 98 हजार 38 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक आवेदकों से ई-टेंडर (ई-टेंडर एवं री-टेंडर कम आवेदन) कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से आमंत्रित किए गए हैं।

ई-टेंडर के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 मार्च 2026 से प्रारंभ होंगे और 14 मार्च 2026 को शाम 4 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके पश्चात प्राप्त आवेदनों को 14 मार्च 2026 को शाम 04.05 बजे ऑनलाइन खोला जाएगा। आवेदन खुलने के बाद ई-टेंडर कम आवेदन अंतर्गत बोली प्रक्रिया 14 मार्च 2026 को शाम 05.30 बजे से प्रारंभ होकर शाम 06.50 बजे तक संचालित की जाएगी। बोली समाप्त होने के बाद संबंधित समूहों के लिए अंतिम निर्णय जिला समिति द्वारा लिया जाएगा।

जिला समिति के समक्ष ई-टेंडर एवं री-टेंडर कम आवेदन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं अनुमोदन किया जाएगा। समिति द्वारा अनुमोदन के बाद संबंधित मदिरा दुकानों का आवंटन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। जिले में जिन मदिरा समूहों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं, उनमें मधुकरशाह वार्ड समूह, रहली समूह, गुजराती बाजार समूह, कर्रापुर समूह, बीना इटावा समूह, राहतगढ़ समूह, खुरई सागरनाका समूह तथा मालथौन समूह शामिल हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here