15 वर्षीय किशोर की हत्या से भड़का गुस्सा, थाने पर पथराव और पेट्रोल बम फेंके,पुलिस ने किया लाठीचार्ज

0

15 वर्षीय किशोर की हत्या से भड़का गुस्सा, थाने पर पथराव और पेट्रोल बम फेंके,पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Ad 1

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में 15 वर्षीय किशोर की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज लोगों की भीड़ बुधवार रात मोरवा थाने के बाहर जमा हो गई और प्रदर्शन के दौरान पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पेट्रोल बम भी फेंके, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान रात करीब 10 बजे गुस्साई भीड़ ने पंकज गुप्ता के घर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। घटना के बाद पुलिस उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गई है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक साईंनगर निवासी पवन शाह (15) नौ मार्च से लापता था। जांच में सामने आया कि उसके परिचित सुधांशु गुप्ता और इरशाद खान उसे शराब पिलाने के बहाने एक सुनसान स्थान पर ले गए थे। वहां दोनों ने कथित तौर पर उसका गला दबाया और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
बुधवार को पवन का शव एक खाली पड़े मकान में गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हालत में मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में लोगों का गुस्सा भड़क उठा। पुलिस का कहना है कि होली के दिन रंग लगाने को लेकर पवन और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके चलते रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
किशोर की हत्या की खबर मिलते ही उसके परिजन और मोहल्ले के कई लोग मोरवा थाने पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने और उनके मकान गिराने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस वाहनों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर भी फेंका, जिससे स्थिति और नियंत्रण से बाहर हो गई। हालात संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पवन के शव को काली प्लास्टिक की पन्नी में लपेटकर रखा था। आशंका जताई जा रही है कि वे रात के समय शव को वहां से हटाकर जंगल में ले जाकर जलाने की योजना बना रहे थे ताकि घटना का पता न चल सके। हालांकि इससे पहले ही पुलिस को शव के बारे में जानकारी मिल गई और मामला खुल गया।
इधर मृतक के परिजनों का कहना है कि विवाद केवल रंग लगाने को लेकर नहीं हुआ था। उनका आरोप है कि होली के दिन मोहल्ले में अवैध रूप से शराब बेचे जाने को लेकर पवन और इरशाद के बीच कहासुनी हुई थी। परिजनों का दावा है कि इरशाद उस दुकान में काम करता था जहां अवैध रूप से शराब बेची जाती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here