हर्षोल्लास से मना सागर विधायक के यहाँ होली मिलन, सपरिवार कार्यकर्ताओं संग खेली होली
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी सागर विधानसभा के परिवारजनों के साथ होली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। रंगों के इस पावन पर्व पर उमंग, उत्साह और आत्मीयता के साथ सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने सपरिवार उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ होली के भजनों और गीतों पर नृत्य किया। पूरे परिसर में ढोलक और होली के पारंपरिक फागों की गूंज के बीच उत्सव का माहौल बन गया और उपस्थित लोग मस्ती में झूमते नजर आए।
इस अवसर पर विधायक जैन ने सभी को अपने हाथों से लड्डू खिलाकर होली की बधाई दी और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है, जो लोगों को एक-दूसरे के और करीब लाता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, बंडा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
होली मिलन समारोह में सागर विधानसभा क्षेत्र के लगभग सभी कार्यकर्ताओं एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सभी ने मिलकर रंग, गुलाल और उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया। पूरे कार्यक्रम में आपसी सौहार्द, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।


