सागर में अवैध तमंचे के साथ बदमाश गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे 19 वर्षीय एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी कट्टा और कारतूस जब्त किया है। आरोपी को थाने लाकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुंडी टौरी इलाके में आईपीएस स्कूल के पास एक युवक संदिग्ध हालत में देसी कट्टा लेकर घूम रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंचकर टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की।
पेड़ के पीछे छिप गया था आरोपी
पुलिस टीम को देखकर आरोपी घबरा गया और बचने के लिए एक पेड़ के पीछे छिप गया। हालांकि, पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम 19 वर्षीय हर्ष उर्फ कृष्णा सिंह निवासी इतवारी टौरी रामपुरा वार्ड बताया।
कट्टा और कारतूस बरामद, हथियार के सोर्स की जांच जारी
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को पकड़कर मोतीनगर थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से इस बात की पूछताछ कर रही है कि वह यह अवैध हथियार कहां से लाया था।


