गुवाहाटी में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गाँधी वाड्रा से मिले प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया, दिसपुर विधानसभा की ग्राउंड रिपोर्ट साझा की.
इंदौर/गुवाहाटी। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की अनुशंसा पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं असम प्रभारी भवंर जीतेन्द्र सिंह तथा राष्ट्रीय सचिव एवं सह-प्रभारी मनोज चौहान द्वारा मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया को असम विधानसभा चुनाव में दिसपुर विधानसभा (गुवाहाटी) हेतु एआईसीसी कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपी गई है।

अमित चौरसिया पिछले 20 दिनों से दिसपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ कमेटी वेरिफिकेशन, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ संगठनात्मक समन्वय तथा असम कांग्रेस द्वारा संचालित डोर-टू-डोर अभियान एवं हाउस मीटिंग्स के माध्यम से जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं असम विधानसभा चुनाव की स्क्रीनिंग कमेटी की प्रमुख प्रियंका गाँधी वाड्रा जी के दो दिवसीय गुवाहाटी प्रवास के दौरान राजीव भवन (असम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय) में प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने उनका अभिवादन किया तथा श्री भवंर जीतेन्द्र सिंह एवं श्री मनोज चौहान की उपस्थिति में दिसपुर विधानसभा की विस्तृत फील्ड रिपोर्ट प्रस्तुत की। श्रीमती गांधी ने रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती एवं जनभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
अमित चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दिसपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद, बूथ स्तर पर पुनर्संरचना, मतदाता संपर्क अभियान एवं घर-घर संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मतदाताओं के साथ बैठकों में प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलताओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, प्रशासनिक असंवेदनशीलता तथा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर समय-समय पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों एवं विवादों को भी प्रमुखता से रखा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के समक्ष पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन का विकल्प प्रस्तुत कर रहे हैं।
अमित चौरसिया ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता के बल पर दिसपुर विधानसभा सहित पूरे असम में कांग्रेस सशक्त प्रदर्शन करेगी।


