सागर की बेटी की दमोह में मौत: दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच निष्पक्ष जांच की मांग
सागर के सोनी परिवार की बेटी की दमोह स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए बुधवार को आईजी कार्यालय पहुंचकर डीआईजी शशीन्द्र चौहान को ज्ञापन सौंपा। परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए प्रताड़ित कर बेटी को जहर देकर मारा गया और फिर फंदे पर टांग दिया गया। उन्होंने पति, सास, ससुर और ननद पर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि 4 दिसंबर 2024 को बेटी शिवानी सोनी (25) की शादी दमोह जिले के ग्राम आमचौपड़ा निवासी लोकेश सोनी के बेटे सौम्य सोनी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों अच्छे से रह रहे थे। सौम्य कोरबा में नौकरी करता था, जहां वे अक्टूबर 2025 तक साथ रहे। इसके बाद सौम्य नौकरी छोड़कर वापस अपने घर आमचौपड़ा आ गया। आरोप है कि इसके बाद से ससुराल पक्ष के लोग सौम्य को रोजगार कराने के लिए रुपयों की मांग कर बेटी शिवानी को प्रताड़ित करने लगे। इसी बात को लेकर शिवानी परेशान रहती थी। ससुर का फोन आया- बेटी की तबीयत खराब है
इसी बीच 13 फरवरी को शिवानी के ससुर का फोन आया और बताया कि बेटी की तबीयत खराब है, जल्द दमोह आ जाओ। उन्होंने कहा कि हम उसे अस्पताल ले आए हैं। जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे, तो बेटी का शव मिला। वहां उन्हें बताया गया कि बेटी ने फांसी लगाकर सुसाइड किया है।
पिता अशोक महोबिया सोनी ने आरोप लगाते हुए कहा, “मेरी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती है। उसे जहर देकर मारा और फांसी पर टांगा गया है। पीएम के दौरान बेटी के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं।” उन्होंने मामले में आईजी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में सोनी समाज के लोग मौजूद रहे।


