स्वास्थ्य मंत्री के प्रभार वाले सागर अस्पताल में लापरवाही, मरीज के बेड पर चढ़ा कुत्ता

0

स्वास्थ्य मंत्री के प्रभार वाले सागर अस्पताल में लापरवाही, मरीज के बेड पर चढ़ा कुत्ता

सागर। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के बुरे हाल हैं. जिनमें से सागर का जिला अस्पताल एक बार फिर लापरवाही को लेकर सुर्खियों में आया है. प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल इस सागर जिला अस्पताल के प्रभारी मंत्री है. सागर के जिला अस्पताल में देर रात महिला मेडिसिन वार्ड नंबर-6 में भर्ती मरीजों के बीच एक आवारा कुत्ता पलंग पर आराम से सोता हुआ दिखाई दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सिविल सर्जन ने इस पर सुरक्षा एजेंसी को नोटिस भी जारी किया है. अस्पताल में कुत्ता के पलंग पर सोने की घटना उस समय सामने आई जब आवारा कुत्तों के काटने और हमले की घटनाएं तेजी से बढ़ी है. सागर जिला अस्पताल में ही कुत्तों के काटने का इलाज पीड़ित लोग करा रहे है.

स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के बाद भी अस्पताल में आवारा जानवर
बताया जा रहा है कि आवारा कुत्ता काफी देर तक वार्ड के भीतर घूमता रहा और मरीजों के पास आराम से बैठा रहा. वायरल वीडियो में कुत्ता एक मरीज के पलंग पर चढ़कर सो गया. इस वार्ड में अन्य मरीज भी पलंग पर सोते दिखाई दे रहे है. लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे बाहर निकालने की कोई कोशिश नहीं की. इससे साफ जाहिर होता है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लचर बनी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल कई दफा जिला अस्पताल का निरीक्षण बैठक आदि कर चुके है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं हुई है. जिला अस्पताल में इससे पहले भी आवारा जानवरों के घुसने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. ऐसे में मरीजों, विशेषकर महिला और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. इसके पहले हुई घटनाओं पर अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा बढ़ाने की बात कही थी. लेकिन कुछ बदलाव नहीं आया.

वीडियो सामने आते ही वार्ड बॉय और सुरक्षा एजेंसी को नोटिस जारी
इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में तैनात, वार्ड बॉय और नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि रात में चेनल गेट बंद रहेंगे और सभी गेट पर चौकीदार मौजूद रहेंगे. इसी के साथ ही वार्ड बॉय भी रहेगा जिससे पूछकर लोग वार्ड के अंदर जायेंगे, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here