सागर में युवक का अपहरण, मारपीट और लूट, तीन घंटे तक आटो में बैठाकर घुमाते रहे बदमाश
सागर। पैसे निकालने गए युवक का आटो से आए चार बदमाशों ने पहले चाकू की नोक पर अपहरण किया। जिसके बाद तीन घंटे तक उसे यहां घुमाते रहे और मारपीट करते रहे। इसी दौरान बदमाशों ने युवक के साथ लूट की घटना को भी अंजाम दिया। जैसे तैसे युवक बदमाशों की चंगुल से छूटा। घटना गोपालगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित ने परिजनों के साथ गोपालगंज थाना पहुंचकर शिकायत की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 140(1), 115(2), 309(6), 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि तिरुपतिपुरम कालोनी निवासी दीपक पिता गंगाराम राय ने थाना में आकर अपहरण, मारपीट और लूट की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें उसने बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे वह अपनी मोटर साइकिल से शांति होटल के पास शर्मा डेयरी के बगल में बने एसबीआई के कियोस्क बैंक से पैसा निकालने के लिए गया था। इसी दौरान वहां धीरज कोरी, विवेक जैन और एलियन नाम के तीन बदमाश इलेक्ट्रिक आटो में चालक के साथ आए और दीपक को गालियां देते हुए उसके पेट पर छुरा अड़ा कर जबरन आटो बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोपी दीपक को आटो से आवासीय कालोनी बाघराज वार्ड के सुनसान क्षेत्र में ले गए। जहां विवेक, एलियन और धीरज उसके साथ जमकर मारपीट की।
आरोपी करीब तीन घंटे तक उसे आटो में बैठाकर यहां-वहां लेकर गए और मारपीट करते रहे। जिसके बाद दीपक को आरोपी राजघाट तिराहा के पास ले गए। जहां से आरोपी तिली गांव मरघटा पर ले गए, जहां धीरज कोरी ने दीपक को छुरा दिखाकर उसके दाहिने हाथ में पहनी हुई सोने की अंगूठी उतार ली। इसके बाद तीनों ने मिलकर दीपक के साथ फिर से मारपीट की। मारपीट के दौरान दीपक ने चिल्लाना शुरू किया तो दीपक के मामा राजू राय, महेश राय, राकेश राय वहां आ गए, जिन्हें देखकर आरोपी आटो में बैठकर भाग गए।



A really good blog and me back again.