सागर के देवरी में चीमाढाना रोड पर खुलेआम जुआ फड़, कई जिलों से लग्जरी गाड़ियों में पहुंच रहे जुआरी

0

सागर के देवरी में चीमाढाना रोड पर खुलेआम जुआ फड़, कई जिलों से लग्जरी गाड़ियों में पहुंच रहे जुआरी

सागर। सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चीमाढाना रोड पर इन दिनों कथित तौर पर ‘बड़ा जुआ’ संचालित हो रहा है। रात के समय बैटरी की रोशनी में यहां खुलेआम जुआ फड़ लगाए जाने की बात सामने आ रही है। चर्चा है कि इस पूरे अवैध कारोबार की बागडोर पास के कैरी गांव का एक दबंग सरपंच संभाले हुए है। उसके हौसले इस कदर बुलंद बताए जा रहे हैं कि वह खुले तौर पर कहता फिरता है “यहां पुलिस कुछ नहीं कर सकती, ऊपर से नीचे तक सब मैनेज है।”

रसूखदारों की भीड़ और खास इंतजाम

चीमाढाना रोड पर लगने वाले इस जुआ फड़ पर सागर, बंडा और रहली के अलावा दमोह, नरसिंहपुर और रायसेन जैसे आसपास के जिलों से भी रसूखदार जुआरी लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ पहुंच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, फड़ पर जुआ खेलने वालों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। ताश के पत्तों के बीच चाय-पानी, गुटखा और सिगरेट की लगातार व्यवस्था रहती है, ताकि खेल में किसी तरह की बाधा न आए। 50 से 60 लोगों की मौजूदगी और बड़े पैमाने पर लगने वाले दांव पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

वायरल वीडियो से हुआ खुलासा, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

हाल ही में इस जुआ फड़ के कुछ गुपचुप तरीके से बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें लाखों रुपये के दांव लगते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। सवाल यह है कि जिस फड़ की जानकारी कई जिलों के जुआरियों तक है, उसकी भनक देवरी पुलिस को क्यों नहीं लगी? क्या यह पुलिस की लापरवाही है या फिर उसी ‘सेटिंग’ का हिस्सा, जिसका दावा सरपंच कर रहा है?

जब जुआ फड़ से जुड़े वीडियो साक्ष्य एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके के संज्ञान में लाए गए, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी-2 लोकेश सिन्हा को जांच सौंपी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मैदानी अमले से रिपोर्ट तलब की जाएगी और किसी भी सूरत में जुआ संचालित नहीं होने दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here