जिला सराफा एसोसिएशन चुनाव में गोविंद जड़िया की ऐतिहासिक जीत, पांचवीं बार बने अध्यक्ष
सागर। जिला स्तरीय सराफा एसोसिएशन के गठन को लेकर मंगलवार को बड़ा बाजार स्थित जैन धर्मशाला में शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान संपन्न हुआ। कुल 2992 पंजीकृत मतदाताओं में से 2428 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस तरह करीब 81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
शाम 7 बजे मतगणना शुरू हुई और रात 9 बजे परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में गोविंद जड़िया ने 1329 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमलेश सोनी को 343 मतों से पराजित किया, जबकि संजय पंडा को 50 मत मिले। इस जीत के साथ गोविंद जड़िया लगातार पांचवीं बार जिला सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए।
मंत्री पद पर महेश सोनी ने 1638 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अतुल गुड्डू सोनी को 667 मत प्राप्त हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर पहली बार मैदान में उतरे बृजेश सोनी ने 1184 मत पाकर विनीत नेपाली को 76 मतों से शिकस्त दी।
परिणाम घोषित होते ही सराफा बाजार में उत्साह का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशियों को बधाइयों का तांता लगा और समर्थकों द्वारा जुलूस निकाला गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद गोविंद जड़िया ने कहा कि खुरई रोड पर सर्राफा व्यापारियों के लिए प्रस्तावित दो एकड़ भूमि पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मार्केट निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। साथ ही व्यापारियों के हित में नई योजनाएं लागू करने का भरोसा भी दिया।
खबर गजेद्र ठाकुर- 9302303212

