सागर में स्वदेशी मेले की तैयारियां शुरू, 23 दिसंबर से 4 जनवरी तक पीटीसी ग्राउंड में होगा आयोजन

स्वदेशी मेले में स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को मिलेगा एक साथ मंच : केशव दुबौलिया

सागर में स्वदेशी मेले की तैयारियां शुरू, 23 दिसंबर से 4 जनवरी तक पीटीसी ग्राउंड में होगा आयोजन

सागर। स्वदेशी जागरण मंच महाकौशल प्रांत की बैठक स्वावलंबी भारत अभियान कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी स्वदेशी मेला 2025-26 की तैयारियों की रूपरेखा तय करना था। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा “स्वर्णिम भारत वर्ष” के अंतर्गत स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से यह मेला दो साल से आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष पुनः यह आयोजन 23 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक सागर के पीटीसी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में क्षेत्रीय संगठक केशव दुबौलिया ने कहा कि इस वर्ष के मेले को जन-जन का अभियान बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से महिलाओं को नेतृत्व के अवसर दिए जाएंगे ताकि वे भी स्वदेशी भावना को समाज में आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को मंच देकर कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाए।

प्रांत संयोजक कपिल मलैया ने कहा कि स्वदेशी मेले को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे ताकि सागर शहर में एक बार फिर स्वदेशी की भावना प्रबल हो और देशी उत्पादों को नई पहचान मिले। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, व्यक्तिगत चर्चाओं और स्थानीय सभाओं का प्रभावी उपयोग किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी वस्तुओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित हों।

विभाग संपर्क प्रमुख अनिल अवस्थी ने कहा कि मेले में ग्रामीण उद्योगों, महिला स्व-सहायता समूहों, कुटीर उद्योगों और स्थानीय उत्पादकों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि वे अपने उत्पादों का विक्रय कर सकें ।

मेला प्रमुख नितिन पटैरिया ने बताया कि आगामी स्वदेशी मेला केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि आर्थिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय स्वाभिमान का उत्सव होगा, जो “आत्मनिर्भर भारत” के सपने को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।

जिला संयोजक राजकुमार नामदेव, महापौर प्रतिनिधि रिशांक तिवारी, सुनील सागर, अंजली दुबे, सिद्धार्थ शुक्ला, सुष्मिता ठाकुर ने बताया कि मेले में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता से जुड़े विचार-विमर्श सत्र, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

बैठक में विनय मलैया, संजय रावत, अतुल अग्रवाल, करण श्रीवास्तव, साक्षी श्रीवास्तव, शिवकुमार अग्रवाल, हिमांश दुबे, रविन्द्र ठाकुर, प्रदीप सूबेदार, प्रशांत जैन, राहुल अहिरवार, माधव यादव आदि उपस्थित थे।