पेरिस ओलिंपिक्स: भारतीय शूटर मनु भाकर ने रचा इतिहास, जीता ब्रॉन्ज मेडल

पेरिस ओलिंपिक्स: भारतीय शूटर मनु भाकर ने रचा इतिहास, जीता ब्रॉन्ज मेडल

पेरिस ओलिंपिक्स में भारतीय शूटर मनु भाकर ने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल जीतने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने फाइनल में 221.7 पॉइंट्स के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

2021 के टोक्यो ओलिंपिक में मनु की पिस्टल खराब हो जाने से वे निराश थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। पिस्टल खराब होने के कारण 20 मिनट तक वे निशाना नहीं लगा पाईं और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं। इस निराशा के बाद भी मनु ने मेहनत जारी रखी और पेरिस ओलिंपिक्स में देश को मेडल दिलाया।

इस इवेंट में कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 243.2 पॉइंट स्कोर करके ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया। कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता, जिन्होंने 241.3 पॉइंट बनाए।

शूटिंग में 12 साल बाद मेडल दिलाया मनु भाकर ने

मनु भाकर ने भारत को ओलिंपिक में 12 साल बाद शूटिंग का मेडल दिलाया है। इससे पहले भारत को आखिरी ओलिंपिक मेडल 2012 में मिला था। यह शूटिंग में भारत का अब तक का 5वां मेडल है। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2004 में सिल्वर, अभिनव बिंद्रा ने 2008 में गोल्ड और 2012 में विजय कुमार ने सिल्वर और गगन नारंग ने ब्रॉन्ज जीता था।

गीता पढ़ने से मिली मदद: मनु भाकर

जीत के बाद मनु ने कहा, ‘मैं गीता बहुत पढ़ती हूं। इससे फोकस करने में मदद मिलती है। आज के मैच में मैंने आखिर तक टारगेट पर फोकस किया। मैं खुश हूं। भारत इससे ज्यादा डिजर्व करता है। उम्मीद है कि बाकी इवेंट में भारत और मेडल जीतेगा।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

मनु भाकर की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। उन्होंने X पोस्ट पर लिखा, ‘यह एक खास जीत है। मनु भाकर शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली महिला बनी हैं… शानदार उपलब्धि।’

इस ऐतिहासिक जीत के साथ मनु भाकर ने भारत के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। अब उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं कि बाकी भारतीय खिलाड़ी भी पेरिस ओलिंपिक्स में अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेंगे।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top