सीएम शिवराज पहुंचे सतना, दी 1114 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, मां शारदा लोक बनाने का एलान
सतना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को अल्प प्रवास पर सतना पहुंचे। वहां उन्होंने किसान सम्मेलन को संबोधित किया। साथ ही 1114 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। सीएम ने कहा कि किसान का कल्याण और उत्थान ही हमारी प्राथमिकता है!
सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश का विकास और जनता की सेवा ही मेरे जीवन का ध्येय है। किसानों के कल्याण के साथ माताओं, बहनों, युवाओं और बुजुर्गों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए ही दिन-रात कार्य कर रहा हूं। मेरे किसान भाइयों-बहनों, आपकी वजह से मध्यप्रदेश में अन्न का उत्पादन 700% तक बढ़ा है, इसके लिए मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। आज सतना में हम 959 करोड़ 73 लाख रुपये के 40 कामों का भूमिपूजन कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। कल भी मैं भोपाल से लगभग 50 हजार करोड़ के कामों का लोकार्पण और शिलान्यास करूंगा। कामदगिरि की परिक्रमा का पथ और अद्भुत वनवासी रामलोक हम बनाएंगे। आज मां के चरणों में प्रणाम करके कहता हूँ कि मां शारदा लोक भी बनेगा। कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम शिवराज ने कहा कि जैसा विकास भाजपा ने मप्र का किया है। वैसा कभी कांग्रेस ने नहीं किया। मैं दिन भर लोकार्पण शिलान्यास कर रहा हूं, विकास की गंगा बह रही है। कमलनाथ सीएम थे, हर वक्त रोते रहते थे, कहते थे पैसा नहीं है। ऐसे आदमी को सीएम बनाना चाहिए क्या? विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। हम दौरी सागर बांध, नहरें, सड़कें स्कूल सब बना रहे हैं। 157 करोड़ 84 लाख का लोकार्पण और 959 करोड़ के शिलान्यास आज हो रहे हैं। अभी मां शारदा लोक भी बनेगा। याद करो जब कांग्रेस की सरकार थी तो सिंचाई की क्या व्यवस्था थी। तब साढ़े 7 लाख हेक्टेयर की व्यवस्था थी। आज 47 लाख हेक्टेयर का इंतजाम है। आने वाले समय में 1 लाख हेक्टेयर की व्यवस्था करेंगे। नहर ही नहीं पाइप लाइन से पानी की सप्लाई देंगे। पहले 18 परसेंट पर कर्ज मिलता था आज जीरो परसेंट में मिल रहा है। इन तीन सालों में 2 लाख 84 हजार करोड़ किसानों के खाते में डाले हैं। सीएम शिवराज ने आगे कहा कि राहत राशि भी देंगे और फसल बीमा का पैसा भी दिलाएंगे। आज 30 लाख किसानों को फसल बीमा योजना और 2 लाख किसानों को सम्मान निधि की रकम डाली जाएगी। किसान भाइयों से भाजपा, मोदी के साथ चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका साथ दीजिए, जिसने किसानों की आमदनी बढ़ाने का प्रयास किया।