पार्टी के प्रति समर्पण और बंधुत्व का भाव खुरई के भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषताः मंत्री भूपेंद्र सिंह

पार्टी के प्रति समर्पण और बंधुत्व का भाव खुरई के भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषताः मंत्री भूपेंद्र सिंह

हर रविवार टिफिन बैठकें होंगी, मंत्री श्री सिंह वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचेंगे
खुरई। खुरई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के सुझाव सुन कर ही यह पता लग जाता है कि यहां का हर कार्यकर्ता परिपक्व और समझदार है। पार्टी व विचारधारा के प्रति समर्पण और आपस में परिवार का भाव यहां के कार्यकर्ताओं की विशेषता है। इस परिवार भाव को मजबूत करने के लिए हर रविवार को मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक होगी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह होगा। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने खुरई विधानसभा क्षेत्र की सोशल मीडिया कार्यशाला में कही है।
सोशल मीडिया कार्यशाला के मुख्य अतिथि मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें कार्यकर्ताओं के बीच एक परिवार की तरह बंधुत्व की भावना होती है। राष्ट्रप्रेम, विचारधारा और विकास का उद्देश्य इस बंधुत्व का आधार है। पूरा खुरई विधानसभा क्षेत्र मुझे अपने परिवार जैसा ही लगता है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आगे से मेरे जहां भी कार्यक्रम होंगे वहां के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका सम्मान करने के बाद ही कार्यक्रम की शुरुआत होगी। पार्टी की नींव रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को एक साथ आमंत्रित कर एक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि क्षेत्र में संगठन के चारों मंडलों में रोटेशन के साथ प्रत्येक रविवार भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक होगी जिसमें कोई औपचारिक भाषण नहीं होगा बल्कि परिवार की तरह आपसी मेल-मिलाप, मनोरंजन और अनौपचारिक वार्ताएं होंगी। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ता है और वही जीतता और हारता है। चुनाव हारने पर सबसे बड़ा नुकसान पार्टी का कार्यकर्ता ही उठाता है यह हम सभी ने कांग्रेस की सवा साल की सरकार के दौरान देखा है। तब भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रताड़ना हुई और सैकड़ों के प्रतिशोध की भावना से तबादले किए गए। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह भी सच है कि पार्टी का काम करने से कार्यकर्ता में भी लीडरशिप का विकास होता है। जनता में उनके नेतृत्व के प्रति भरोसा और प्रतिष्ठा बनती जाती है। राजनीति के साथ समाजसेवा जुड़ने पर जनता में स्वीकार्यता बढ़ जाती है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि खुरई में कांग्रेस रसातल में जा चुकी है। कांग्रेस की पूरे विधानसभा क्षेत्र की बैठक दस फुट के कमरे में होती है जिसमें 6 लोग भोपाल के, 8 सागर के और 4 खुरई के लोग शामिल होते हैं। यहां उनके पास वोट मांगने का कोई मुद्दा, नेता व संगठन नहीं बचा। कोरोना काल से लेकर ओलावृष्टि जैसी समस्याओं तक एक भी कांग्रेसी जनता के दुख देखने नहीं आया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि खुरई में ऐसी राजनैतिक विपन्नता के चलते कांग्रेस के पास अब सिर्फ षडयंत्रों का सहारा है, जिनसे निपटने के लिए सोशल मीडिया व संगठन की भूमिका प्रभावी होना चाहिए। सोशल मीडिया में हमारा पूरा फोकस विकास पर होना चाहिए और कांग्रेस के षड्यंत्रों का जवाब तथ्यात्मक पोस्टों से प्रभावी ढंग से देना है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज सोशल मीडिया ही चौथा स्तंभ बन गया है। सोशल मीडिया ऑनलाइन होता है और संगठन आफलाइन होता है। यदि संगठन मजबूत नहीं होगा तो चुनाव अकेले सोशल मीडिया से चुनाव नहीं जीता जा सकता।
उन्होंने कहा कि खुरई विधानसभा में 55 हजार पीएम आवास, 63 हजार लाडली बहना, बीना नदी परियोजना का काम, जलजीवन मिशन के तहत हर गांव व हर घर में टोंटी से शुद्ध पेयजल आपूर्ति योजनाओं का तेजी से हो रहा क्रियान्वयन जैसे अनेक विकास कार्यों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सभी को रखना चाहिए। मंत्री श्री सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि घर घर जाकर सदस्यता अभियान में अच्छे लोगों व नये मतदाताओं को पार्टी से जोड़ना व सभी को एक वृक्ष लगाने के काम सभी को प्राथमिकता से करना है।
संगठन विस्तार कार्यशाला को सोशल मीडिया विस्तार विषयों को लेकर हुई इस कार्यशाला को विषय विशेषज्ञों ने भी संबोधित किया। मंत्री श्री सिंह ने सभी उपस्थित सोशल मीडिया प्रभारी व कार्यकर्ताओं से अपने अपने सुझाव कार्यशाला में रखने को कहा जिसमें अनेक कार्यकर्ताओं ने उपयोगी सुझाव दिये। इस अवसर पर खुरई नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण जैन गढ़ौला, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरीशंकर कुशवाहा, मालथौन मंडल अध्यक्ष रामकुमार खरैरा, बांदरी मंडल अध्यक्ष पप्पू मुकद्दम उपस्थित थे। मंच संचालन गब्बर ठाकुर एवं पुष्पेन्द्र सिंह रारौन ने किया।
शक्ति केंद्रों व बूथ सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं ने संवाद के दौरान महत्वपूर्ण सुझाव देने वाले कार्यकर्ताओं में नीलेश सेन, भरत अग्रवाल, दीपक बागले, ऋतिक कुशवाहा, लक्ष्मीनारायण साहू, नरेन्द्र ठाकुर, निर्मल राज, रामस्वरूप यादव, पंचम सिंह लोधी, मुकेश शाकाहार, मुकेश जैन, देवेन्द्र यादव, इन्द्राज सिंह, गोविंद दांगी, पवन यादव, आशीष पाण्डेय, लक्ष्मीनारायण, ताहर सिंह यादव, जितेन्द्र सिंह पिठोरिया, भूरे यादव, रावराजा राजपूत, विक्रम अहिरवार, राजा ठाकुर, सचिन साहू, भूपेन्द्र सिंह एवं नरेन्द्र सिंह धरमपुर ने संवाद के दौरान महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top