रायसेन : नगर में सूने घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन चोरों ने शहर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद अपने घरों में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी छुपाकर रखी थी। तो वहीं चोरों ने सवा लाख रुपये की राशि बैंक में जमा कर अपना लोन भी जमा किया था। इस घटना के मास्टर माइंड पर जीआरपी सहित अन्य क्रिमिनल केस भी दर्ज है। साथ ही वह शहर के व्यापारियों को भी ब्लैकमेल कर रहा था। इसे लेकर व्यापारियों से भी पूछताछ चल रही है।
चोरी के कई मामलों का खुलासा
पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल और एडीशनल एसपी अमता मीना ने शनिवार को पत्रकार वार्ता का आयोजन कर नगर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोर गिरोह का खुलासा किया। यह चोर गिरोह सूने घरों की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। सबसे अहम बात तो यह है कि तीन सदस्यीय चोर गिरोह में एक नाबालिग है। वहीं सभी रायसेन नगर के आरोपित है। चोर गिरोह ने बैंक से कर्जा ले रखा था। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद कर्जे की राशि को चुकाया। पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने शहर के मुखर्जी नगर, पटेल नगर, अवन्तिका कालोनी, हटोर मोहल्ला, भारत नगर, ताजपुरा, तहसील कालोनी, घाटमपुरा में दिन और रात के समय सूने घरों को निशाना बनाया था। इस घटना में तीन सदस्यीय गिरोह की भूमिका रही है। शातिर चोरों के घरों से 10 लाख रुपये का माल भी बरामद किया गया है।
चोरों के गिरोह में नाबालिग भी
पुलिस ने आरोपित देवेंद्र, पुत्र गोपाल मिश्रा (20) निवासी वार्ड चार, सचिन पेशकार, पुत्र महेश पेशकार (22) निवासी तालाब मोहल्ला और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। पुलिस की सख्ती से की गई पूछताछ में चोरों ने वारदात करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी का माल चोरों के घरों से मिला है। इस माल को उन्होंने छिपाकर अपने घरों में रखा था। सोने-चांदी के आभूषण के साथ दो मोबाइल भी पुलिस को मिले है। उधर पुलिस ने आरोपितों के बैंक खाते मिलने पर अधिकारियों को बंद कराने को लेकर सूचित किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी की घटनाओं का मास्टर माइंड देवेंद्र मिश्रा है।
घरों में लगवाएं सीसीटीवी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लोग अपने घरों में सीसीटीवी लगाएं। इससे चोरी की घटनाओं पर तो अंकुश लगेगा ही। साथ ही घर सुरक्षित रहेगा। अगर कोई भी व्यक्ति अपना घर छोड़कर बाहर घूमने जाता है, तो इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस और अपने पड़ोसी को अवश्य दें। जिससे उनके घरों की निगरानी की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला मास्टर माइंड आरोपित देवेंद्र मिश्रा नगर के सोने-चांदी के व्यापारियों को ब्लैकमेल कर रहा था। सराफा व्यापारियों ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। अन्य धाराओं के तहत आगामी दिनों में मास्टर माइंड के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जा रहा है।