सागर। केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू किए गए महाजनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावित बनाने के लिए प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भी कमर कस ली है। तीस जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत भाजयुमो जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के बीच पहुंच रहे है और उन्हें मोदी सरकार की नौ साल की उपलब्धियों के बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे है।
सोमवार को बीजेपी युवा मोर्चा सागर द्वारा नव मतदाता सम्मेलन में भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल ने शामिल होकर सागर विधानसभा क्षेत्र के नव मतदाताओं से संवाद किया एवं भाजपा की रीति नीतियों से अवगत करवाया। युवाओं को संबोधित करते हुए यश अग्रवाल ने कहा कि देश के नवनिर्माण और विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है, किसी भी राष्ट्र की रीढ़ वहां की युवा शक्ति होती है। युवाओं के विचारों की हवा ही राष्ट्र की विजय पताका की दिशा निर्धारित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आपसे सबसे अधिक अपेक्षाएं हैं। मोदी सरकार निरंतर युवाओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। आप सभी युवाओं की भी जिम्मेदारी बनती है कि मोदी जी और भाजपा का साथ देकर राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे।