ब्लैकमेल कर तीन साल से युवक विवाहिता के साथ कर रहा था ज्यादती, दो लाख रुपये भी हड़पे

0

भोपाल  : मिसरोद थाना पुलिस ने एक विवाहित महिला की शिकायत पर राजस्थान के एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। वह अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर तीन साल से महिला के साथ ज्यादती कर रहा था। उसने महिला से दो लाख रुपये और सोने की चेन भी हड़प ली थी। आरोपित से महिला की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 30 वर्षीय महिला का पति निजी काम करता है। महिला ने शिकायत में बताया कि तीन साल पहले फेसबुक पर उसका परिचय राजस्थान के उदयपुर निवासी प्रताप सिंह चौहान नाम के युवक से हुआ था। उसके बाद उनके बीच फोन पर भी बात होने लगी थी। परिचय के कुछ दिनों बाद ही प्रताप सिंह महिला से मिलने उसके घर पहुंच गया। उस समय महिला अकेली थी। डरा-धमकाकर प्रताप सिंह ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो भी खींच लिए थे। इसके बाद वह महिला के अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करने लगा। ब्लैकमेल करते हुए उसने महिला से दो लाख रुपये और सोने की चेन भी हड़प ली। उसकी हरकतों से परेशान होकर पिछले दिनों महिला ने घटना के बारे में अपने पति को बताया इसके बाद शुक्रवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी।